सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार सोशल ऑडिट यूनिट के सहयोग से प्रत्येक वर्ष विद्यालयों में सामाजिक अंकेक्षण (Social Audit in School) कराया जाता है।
यह भी पढ़ें : झारखण्ड सेवा संहिता के तहत सहायक आचार्य को कितनी और कौन सी मिलेगी छुट्टी।जानिए विस्तार से।
विद्यालय में सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य क्या है?
समग्र शिक्षा के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों में सामाजिक अंकेक्षण (Social Audit in School) का मुख्य उद्देश्य विद्यालय की वास्तविक स्थिति का आकलन करना, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाना, उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना तथा विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाना है। इसके साथ ही अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समिति और स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाकर विद्यालय के समग्र विकास को प्रोत्साहित करना इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
यह भी पढ़ें : शिक्षकों का जिलों के भीतर शुरू होगी तबादला , जानिए समस्त प्रक्रिया क्या होगा?
विद्यालय में सामाजिक अंकेक्षण (Social Audit in School) में क्या-क्या जाँच होती है ?
समग्र शिक्षा के अंतर्गत वित्तीय उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए सरकारी विद्यालय में सामाजिक अंकेक्षण किया जाता है। इस दौरान वित्तीय बिंदुओं (आय-व्यय एवं खर्च से संबंधित अभिलेख) का अंकेक्षण पिछले वित्तीय वर्ष के आधार पर किया जाता है, जबकि गैर-वित्तीय बिंदुओं (शैक्षणिक गतिविधियाँ, आधारभूत सुविधाएँ, नामांकन, उपस्थिति आदि) का अंकेक्षण वर्तमान वित्तीय वर्ष के आधार पर किया जाता है।
सोशल ऑडिट के दौरान विद्यालय में स्वीकृत पदों के विरुद्ध शिक्षकों की उपलब्धता की भी जाँच की जाती है, ताकि यह पता चल सके कि विद्यालय में आवश्यक संख्या में शिक्षक कार्यरत हैं या नही।
ऑडिट की प्रक्रिया के दौरान अंकेक्षण टीम आवश्यकता के अनुसार विद्यालय से विभिन्न दस्तावेज एवं अभिलेख उपलब्ध कराने का अनुरोध करती है। सामान्यतः निम्नलिखित दस्तावेजों की माँग की जाती है:-
- ↪ पुस्तकालय पुस्तक निर्गत पंजी:- विद्यालय के समय-सारिणी (रूटीन) में पुस्तकालय हेतु सप्ताह में कम से कम एक पीरियड निर्धारित होना चाहिए। विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए दी गई पुस्तकों का पूरा विवरण पंजी में दर्ज होना चाहिए, जैसे- पुस्तक का नाम, विद्यार्थी का नाम, कक्षा, निर्गत करने की तिथि तथा विद्यार्थी के हस्ताक्षर/अंगूठा निशान।
- ↪ डिजिटल बुनियादी ढाँचे के उपयोग से संबंधित पंजी:- विद्यालय में उपलब्ध स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर, प्रोजेक्टर आदि के उपयोग का रिकॉर्ड संधारित होना चाहिए।
- ↪ फिट इंडिया स्कूल प्रमाणन से संबंधित अभिलेख:- फिट इंडिया स्कूल प्रमाणन के लिए पंजीकरण एवं उससे संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने चाहिए।
- ↪ बस्ता रहित दिवस (Bagless Day) रजिस्टर एवं फोटो:- प्रत्येक माह एक दिन ‘बस्ता रहित दिवस’ आयोजित किया जाए। उस दिन विद्यार्थी बिना बस्ता/किताब-कॉपी के विद्यालय आएँ तथा खेल, कला एवं गतिविधि आधारित शिक्षण कराया जाए। इसकी गतिविधियों का विवरण, उपस्थिति एवं फोटो सुरक्षित रखें।
- ↪ विभिन्न क्लबों के गठन का पंजी :- विद्यालय में यूथ क्लब, साक्षरता क्लब, जल सेनानी क्लब, आपदा प्रबंधन समिति क्लब,योगा क्लब, सिंगिंग डांसिंग क्लब, क़ानूनी साक्षरता क्लब, स्वच्छता समिति क्लब, स्पोर्ट्स क्लब, इको क्लब आदि का गठन कर अलग-अलग पंजी संधारित किया जाना चाहिए।
- ↪ प्रयोगशाला, विज्ञान एवं गणित किट उपयोग रजिस्टर:- विज्ञान प्रयोगशाला, गणित किट एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री के उपयोग का नियमित रिकॉर्ड रखा जाए।
- ↪ बालिकाओं के आत्मरक्षा प्रशिक्षण से संबंधित पंजी (यदि लागू हो):- आत्मरक्षा प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियों एवं उपस्थिति का रिकॉर्ड उपलब्ध होना चाहिए।
- ↪ ई-विद्यावाहिनी (EVV) में शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति एवं उपस्थिति पंजी:- सभी शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति नियमित रूप से दर्ज हो तथा ऑफलाइन उपस्थिति पंजी भी अद्यतन रहे।
- ↪ विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी:- प्रत्येक कक्षा के लिए अलग उपस्थिति पंजी होना चाहिए। अनुपस्थित विद्यार्थियों के सामने स्पष्ट रूप से (X) का निशान अंकित हो।
- ↪ पाठ्यपुस्तक, स्कूल किट, पोशाक एवं छात्रवृत्ति वितरण अभिलेख:- प्राप्त एवं वितरित सामग्री का अलग-अलग रिकॉर्ड रखा जाए। लाभार्थी विद्यार्थियों के हस्ताक्षर भी दर्ज होने चाहिए।
- ↪ बच्चों की मैपिंग एवं ट्रैकिंग से संबंधित दस्तावेज:- नामांकित, ड्रॉपआउट एवं विशेष निगरानी वाले बच्चों से संबंधित अभिलेख उपलब्ध हों।
- ↪ विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) गठन पंजी:- एसएमसी का गठन निर्धारित नियमों के अनुसार प्रत्येक तीन वर्ष में किया जाए। गठन पंजी एवं ई-विद्यावाहिनी (EVV) पोर्टल पर भी इसकी जानकारी अद्यतन हो।
- ↪ एसएमसी मासिक बैठक रजिस्टर:- प्रत्येक माह आयोजित बैठक की कार्यवाही एवं सदस्यों के हस्ताक्षर सहित रजिस्टर संधारित हो।
- ↪ निरीक्षण रजिस्टर:- अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण एवं दिए गए निर्देशों का रिकॉर्ड उपलब्ध हो।
- ↪ विद्यालय अनुदान एवं अन्य प्राप्त निधि का विवरण:- विद्यालय अनुदान, खेल सामग्री, पुस्तकालय, सीडब्ल्यूएसएन (विशेष आवश्यकता वाले बच्चे) तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु प्राप्त राशि का विवरण उपलब्ध हो।
- ↪ कंपोजिट ग्रांट (स्वच्छता) व्यय से संबंधित वाउचर:- स्वच्छता एवं रख-रखाव पर किए गए खर्च के सभी बिल एवं वाउचर सुरक्षित रखें।
- ↪ विद्यालय सुरक्षा समिति रजिस्टर:- विद्यालय सुरक्षा समिति का गठन एवं बैठक का रिकॉर्ड उपलब्ध हो।
- ↪ व्यावसायिक शिक्षा रजिस्टर (यदि लागू हो):- व्यावसायिक शिक्षा से संबंधित गतिविधियों एवं उपस्थिति का रिकॉर्ड रखा जाए।
- ↪ चावल स्टॉक पंजी:- प्राप्त, उपयोग एवं शेष चावल का अद्यतन विवरण उपलब्ध हो। पंजी में दर्ज शेष मात्रा का मिलान भंडार में उपलब्ध चावल से किया जा सकता है।
- ↪ एमडीएम (मध्याह्न भोजन) चखना पंजी:- प्रत्येक सप्ताह निर्धारित शिक्षक द्वारा भोजन का स्वाद परीक्षण कर अपनी टिप्पणी एवं हस्ताक्षर दर्ज किए जाएँ।
- ↪ मध्याह्न भोजन का लोगो (LOGO) :- रसोईघर अथवा उपयुक्त स्थान पर एमडीएम का लोगो प्रदर्शित होना चाहिए।
- ↪ एमडीएम मेनू का दीवार लेखन:- साप्ताहिक भोजन मेनू एवं प्रत्येक दिन उपयोग की जाने वाली सामग्री की मात्रा स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो।
- ↪ एमडीएम सामग्री क्रय वाउचर:- गैस, दाल, सब्जी, मसाले, अंडा/फल आदि की खरीद से संबंधित सभी बिल एवं रसीदें सुरक्षित रखें।
- ↪ महत्वपूर्ण संपर्क नंबरों का दीवार लेखन:- एम्बुलेंस, अग्निशमन, चाइल्ड हेल्पलाइन, स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र, मध्याह्न भोजन हेल्पलाइन आदि के नंबर प्रदर्शित हों।
- ↪ एमडीएम सामग्री की माप-तौल व्यवस्था:- तराजू, बाट (बटखरा) एवं अन्य आवश्यक माप-तौल उपकरण उपलब्ध हों।
- ↪ विद्यार्थियों के अनुपात में बर्तन:- थाली, गिलास एवं चम्मच पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हों।
- ↪ प्राथमिक उपचार किट:- फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध हो तथा उसमें रखी दवाइयाँ एक्सपायरी डेट से बाहर न हों।
- ↪ रोकड़ पंजी :- एमडीएम एवं एसएमसी से संबंधित रोकड़ पंजी अद्यतन हो।
- ↪ ई-विद्यावाहिनी में विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति:- प्रतिदिन विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जाए।
- ↪ विद्यालय की समय-सारिणी (रूटीन):- अद्यतन एवं प्रदर्शित रूटीन उपलब्ध हो।
- ↪ पाठ-टीका (Lesson Plan):- सभी शिक्षकों का पाठ-योजना (लेसन प्लान) अद्यतन हो।
- ↪ प्रोजेक्ट/रेल परीक्षा से संबंधित पंजी:- विद्यालय में संचालित प्रोजेक्ट एवं मूल्यांकन का रिकॉर्ड उपलब्ध हो।
- ↪ एसएमसी सदस्यों का दीवार लेखन:- विद्यालय में एसएमसी सदस्यों के नाम एवं पद प्रदर्शित हों।
- ↪ सभी क्लबों के गठन का पंजी:- विद्यालय में गठित सभी क्लबों का रिकॉर्ड उपलब्ध हो।
- ↪ बाल संसद पंजी:- बाल संसद के गठन एवं बैठकों का विवरण उपलब्ध हो।
- ↪ रैम्प (Ramp):- दिव्यांग अनुकूल रैम्प की व्यवस्था हो।
- ↪ पोषण वाटिका :- विद्यालय में पोषण वाटिका विकसित एवं व्यवस्थित हो।
- ↪ विद्यालय परिसंपत्ति पंजी:- विद्यालय की सभी परिसंपत्तियों का अद्यतन रिकॉर्ड उपलब्ध हो।
- ↪ हाथ धोने हेतु साबुन:- हैंडवॉश स्थान पर साबुन उपलब्ध हो।
- ↪ शौचालय में साबुन:- सभी शौचालयों में साबुन की व्यवस्था हो।
- ↪ अद्यतन बैंक पासबुक:- विद्यालय के बैंक खाते की पासबुक अद्यतन हो।
- ↪ अभियान पंजी:- विभिन्न सरकारी अभियानों एवं कार्यक्रमों का रिकॉर्ड संधारित हो।
- ↪ चेकबुक निर्गत पंजी:- प्रत्येक चेकबुक का अलग-अलग निर्गत एवं उपयोग रिकॉर्ड उपलब्ध हो।
- ↪ विद्यार्थियों की ऊँचाई एवं वजन मापन पंजी:- विद्यार्थियों की नियमित स्वास्थ्य जाँच का रिकॉर्ड उपलब्ध हो।
- ↪ खोया-पाया बॉक्स:- विद्यालय में खोई हुई वस्तुओं के लिए बॉक्स उपलब्ध हो।
- ↪ शिकायत पेटी :- विद्यालय परिसर में शिकायत पेटी स्थापित हो।
- ↪ सूचना पट्ट (Notice Board):- विद्यालय से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सूचनाएँ एवं आवश्यक जानकारी अद्यतन रूप से प्रदर्शित हो।
- ↪ अभिभावक शिक्षक बैठक पंजी :- सरकारी स्कूलों का एक बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज है। सोशल ऑडिट के दौरान यह रजिस्टर यह साबित करता है कि स्कूल और बच्चों के माता-पिता के बीच संवाद कैसा है और बच्चों की प्रगति के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं।
विद्यालय में सामाजिक अंकेक्षण का फॉर्म (Social audit form in school)
विद्यालय सामाजिक अंकेक्षण फॉर्म के कुछ कॉलम विद्यालय स्तर से पूर्व में ही भरे जाने अनिवार्य हैं, तथा शेष कॉलम जांचोपरांत ऑडिट टीम के सदस्यों द्वारा भरे जाएंगे। फॉर्म डाउनलोड करने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें।
सूचना :-
शिक्षा विभाग की सभी खबरें, नियम, आदेश-निर्देश और पत्र पढ़ने या डाउनलोड करने के लिए www.educationjhar.com पर जाएं। पत्र पढ़ने या डाउनलोड करने के लिए वेबसाइट के शीर्ष पर दिए गए “Letter” विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद आपके सामने विभिन्न पत्रों की सूची आ जाएगी। जिस पत्र को देखना हो, उस पर क्लिक करें। डाउनलोड करने के लिए दाहिनी ओर दिए गए “Link” पर क्लिक करें। इसी प्रकार आवश्यकता अनुसार अन्य पत्र और ब्लॉग पर उपलब्ध शिक्षा विभाग के सभी आदेश-निर्देश भी पढ़ सकते हैं।

